सोनभद्र। सोनभद्र की एक युवती ने झांसी के सिपाही पति पर प्रेम विवाह के बाद दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि सिपाही बनने के बाद उसके पति अंकित ने उसे छोड़ दिया। अब वह दहेज में 25 लाख रुपये की मांग कर रहा है। पिपरी पुलिस ने सिपाही पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तुर्रा निवासी अनुसूचित जाति की युवती ने पुलिस को तहरीर दी है। उसने बताया कि 12 मार्च 2018 को डोरी फतेहपुर, झांसी के अंकित यादव ने उससे प्रेम विवाह किया था। इस शादी का पंजीयन 21 जुलाई 2018 को जिले की दुद्धी के सब रजिस्ट्रार कार्यालय में भी कराया गया था। अंकित ने परिवार की नाराजगी के डर से शादी की बात छिपाए रखी थी। शादी के दो साल के बाद वर्ष 2020 में अंकित यादव सिपाही बन गया। इसके बाद 10 मई 2023 को वाराणसी में सामाजिक मान्यता के लिए फिर से शादी की गई। हालांकि, अंकित के परिवार वाले इस समारोह में शामिल नहीं हुए थे। परिवार की नाराजगी के कारण अंकित ने युवती को बांदा में किराए पर कमरा दिलाकर साथ रखा। बाद में किनारा कर लिया।