सोनभद्र। नवसृजित नगर पंचायत डालाबाजार में अमृत-2 याेजना के तहत पेयजल आपूर्ति को लेकर कवायद शुरू हो गई है। परियोजना का इंटकवेल निर्माण कोटा ग्राम पंचायत में सोन नदी के किनारे कराया जाएगा। इसके लिए निजी कंपनी की तरफ से जमीन देने की सहमति दे दी गई है। जल्द ही कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। परियोजना बनने के साथ ही लगभग 20 हजार आबादी वाले नगर पंचायत डाला बाजार में पीने के पानी की किल्लत दूर हो जाएगी।
जिले के 10 निकायों में सर्वप्रथम नवसृजित नगर पंचायत डाला बाजार में अमृत-2 योजना के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए चयन किया गया है। करीब 25 करोड़ की लागत से हर घर जल पहुंचाने की योजना है। परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए जल निगम (नगरीय) की तरफ से जमीन की तलाश की जा रही थी। इसके लिए पूर्व में डाला स्थित निजी कंपनी अल्ट्राटेक से भी संपर्क किया गया था। कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिकारियों की मानें तो अमृत-2 के तहत डाला बाजार में चार ओवरहेड टंकी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर में जमीन चिह्नित कर लिया गया है। सोन नदी में जहां इंटकवेल का निर्माण होना है, वहां निजी कंपनी की जमीन है। जमीन के लिए निजी कंपनी के अधिकारियों से वार्ता की गई। इस पर कंपनी की तरफ से कोटा ग्राम पंचायत में सोन नदी के किनारे इंटकवेल निर्माण किए जाने के लिए जमीन देने पर सहमति दे दी गई है। जल निगम के नगरीय के एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि इंटकवेल निर्माण के लिए जमीन देने पर सहमति मिल गई है। कागजी कार्रवाई शीघ्र पूरा करते हुए इंटकवेल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। बता दें कि नगर पंचायत डालाबाजार में पेयजल की समस्या बनी रहती है। गर्मी के दिनों में यह समस्या और बढ़ जाती हैं। टैंकर के जरिए नगरवासियों को पानी आपूर्ति की जाती है। अमृत 2 योजना के तहत हर घर पेयजल आपूर्ति होने से पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी।
अमृत-2 योजना के तहत नगर में चार ओवरहेड टंकी बननी है। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। कोटा ग्राम पंचायत स्थित सोन नदी में इंटकवेल के निर्माण कार्य के निजी कंपनी की तरफ से सहमति मिल गई है। सोन नदी के पास कंपनी की ही जमीन है। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
- देवहुति पांडेय, अधिशासी अधिकारी, डाला बाजार।