सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी एस. राजलिंगम से मिला। उन्हें राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ज्ञापन में शिक्षक भर्ती एवं पशुपालन विभाग में हुए घोटाले की जांच उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश द्वारा कराये जाने के संबंध में पांच बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट कराया गया है। मांग किया कि घोटाले में वित्त विभाग के मंत्रियों को बर्खास्त किया जाए, ताकि जांच प्रभावित ना हो। घोटाले में लिप्त मंत्रियों के प्रतिनिधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। 69 हजार शिक्षक भर्ती घोटाले में न सिर्फ बड़े पैमाने पर धांधली हुई है बल्कि चयन प्रक्रिया में भी आरक्षित वर्ग के साथ नाइंसाफी हुई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में हुए अन्य घोटाले जैसे कि पीडीएस, जूता-मोजा, डीएचएलएफ आदि की भी न्यायिक जांच हो। प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड, नामवर सिंह कुशवाहा, अरविंद कुमार सिंह, कमलेश ओझा, जितेंद्र पासवान, राजीव त्रिपाठी, संगीता श्रीवास्तव, वंशीधर पांडेय, प्रमोद पांडेय, मृदुल मिश्रा शामिल रहे।