राबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में महंगाई के विरोध में प्रदर्शन करते जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यक
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। आलू, प्याज के दामों में बढ़ोतरी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ के अगुवाई में राबर्ट्सगंज नगर से सब्जी मंडी में पहुंचकर प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ाकर जनता का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। चेताया कि दाम कम न हुआ तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। जिलाध्यक्ष रामराज गोंड़ ने कहा कि जब से देश व प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी है तब से महंगाई बढ़ रही है। भाजपा सरकार को गरीबों मजदूरों से कोई लेना देना नही है। सरकार केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है। जिला उपाध्यक्ष जगदीश मिश्रा व अरविंद सिंह ने कहा कि आलू , दाल, प्याज के दाम आसमान छू रहा है। भाजपा ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि महंगाई कम होगी लेकिन सत्ता में आने के बाद चुनावी वादे को भूल गयी। जिला कोषाध्यक्ष फरीद अहमद खां, सचिव शत्रुंजय मिश्रा ने कहा कि जनता महंगाई का दंश झेल रही है। त्योहार के समय दाल, रिफाइंड, सरसों के तेल के दामों में बढ़ोतरी जारी है। ऐसे में आमजनता की थाली पर महंगाई भारी पड़ रही है। सेवादल की प्रदेश महासचिव उषा चौबे, शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ गयी है कि महिलाओं को घर चलाने में दिक्कत हो रही है। आम जनता महंगाई से परेशान है। इस दौरान नामवर कुशवाहा, जितेंद्र पासवान, नागेश पाठक, संगीता श्रीवास्तव, राजबली पांडेय, बृहस्पति भारती, लल्लू पांडेय, राजेंद्र भारती, सत्यदेव पांडेय, अमित चतुर्वेदी, प्रमोद पांडेय, शैलेंद्र चतुर्वेदी, सालिग्राम कन्नौजिया, प्रदीप चौबे, आनंद पटेल, अवनीश राजपूत, बिशिष्ट चौबे, आशुतोष शुक्ल, आकाश, संतोष पाठक, सेराज हुसैन, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।