दुद्धी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मधुबन के टोला बरहपान में एक प्रसूता की सीता कुमारी (20) बृहस्पतिवार को मौत हो गई। उसे गंभीर हाल में परिजन सीएचसी लाए थे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताते हैं कि संजय कुमार की पत्नी सीता कुमारी (20) ने 4 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घर पर ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद जच्चा बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। पांच सितंबर की दोपहर अचानक सीता को सांस लेने में दिक्कत के साथ सर्दी खांसी की शिकायत हुई। पति संजय ने बताया कि 5 सितंबर की रात तबीयत अधिक बिगड़ने पर दुद्धी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। निजी कारणों और आर्थिक समस्याओं के चलते परिजन प्रसूता को मेडिकल कॉलेज न ले जाकर वापस घर ले आए। परिजनों का कहना है कि घर पर कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बुधवार की दोपहर बाद सीता की तबीयत दोबारा बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब 4 बजे परिजन सीता को लेकर सीएचसी दुद्धी पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से मेमो के जरिए मिली सूचना पर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुद्धी कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।