म्योरपुर के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में युवा नेतृत्व विकास प्रशिक्षण के समापन अवसर पर
म्योरपुर। स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित वनवासी सेवा आश्रम के विचित्रा महाकक्ष में रविवार देर शाम तीन दिवसीय युवा नेतृत्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान युवाओं ने सामाजिक एकता, अखंडता, भाईचारे और समतामूलक समाज के निर्माण के साथ ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। ‘वी द पीपल अभियान’ से जुड़े मुख्य वक्ता अमीनुद्दीन और रसना ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सांविधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संगठन निर्माण की जानकारी दी। ग्रामसभा की भूमिका समझाते हुए युवाओं को गांवों की समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए सामूहिक पहल करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सामूहिक चर्चा, समूह गतिविधियों और सहभागितापूर्ण अभ्यासों के माध्यम से युवाओं को अपने विचार साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिला। श्रमदान, व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नारा लेखन, उद्घोष, प्राकृतिक प्रार्थना और सर्वधर्म प्रार्थना जैसी गतिविधियों के जरिए अनुशासन, सहयोग, सामाजिक सद्भाव और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। प्रशिक्षण में युवाओं से ग्रामसभा की बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से गांवों के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि जागरूक और सक्रिय युवा मजबूत ग्राम पंचायतों और समतामूलक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में प्रदीप पांडेय, सौरभ कुमार, चंद्रवती बहन, कैलाश प्रसाद और प्रीति बहन ने सहयोग किया।