राबर्ट्सगंज कोतवाली में समाधान दिवस पर जन समस्या सुनते एसडीएम रमेश कुमार।संवाद
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले के समस्त थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। सुनवाई के दौरान अधिकारियों के समक्ष कई ऐसे भी फरियादी पहुंचे, जो पूर्व में भी अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए थे। सदर कोतवाली में सुनवाई कर रहे एसडीएम को गीता देवी ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि उनके पैतृक जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में कई बार प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन राजस्वकर्मी समाधान नहीं कर रहे हैं।
सदर कोतवाली में एसडीएम रमेश कुमार और सीओ राहुल पांडेय के समक्ष ओरगाई गांव की गीता पांडेय ने कुछ लोगों के खिलाफ शिकायती पत्र दिए। पीड़िता ने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन राजस्वकर्मी विवाद का निस्तारण करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। वहीं बभनौली गांव निवासी अर्चना ने कुछ लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर मकान कब्जा करने का आरोप लगाया। उधर, बिरधी गांव निवासी महेंद्र कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि जून माह में अपनी मां के खाते में एटीएम से पैसा जमा कर रहा था, इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने कैंसल बटन दबा कर 24 हजार लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपी को पकड़ कर रुपये बरामद नहीं कर सकी है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुका है। एसडीएम ने संबंधितों को जांच कर शीघ्र सभी मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
उधर चोपन थाना परिसर में एसडीएम ओबरा राजेश सिंह ने जनता की समस्याएं सुनीं। एसडीएम के समक्ष राजस्व से जुड़े कुल 13 मामले पहुंचे, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया। दु्द्धी कोतवाली में कुल सात मामलों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रशिक्षु सीओ अमित कुमार ने सुनवाई की। कोतवाल श्रीकांत राय मौजूद रहे। करमा थाने में भूमि विवाद का एक मामला पहुंचा, जिसके निस्तारण के लिए टीम भेजी गई। बीजपुर थाने में प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने लोगों की शिकायत सुनी। इस दौरान सिरसोती और पिंडारी गांव से जमीन विवाद से एक-एक मामले पहुंचे।