शक्तिनगर। यूपी-एमपी के बार्डर क्षेत्र अंबेडकर नगर में रविवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा शक्तिनगर क्षेत्र में हुआ। मृतक मध्य प्रदेश के विंध्यनगर का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में घायल अन्य युवकों का उपचार चल रहा है। अंबेडकर नगर में इंटर स्टेट कनेक्टिविटी रोड पर एनसीएल खड़िया के महाप्रबंधक कार्यालय के समीप दोपहर आमने सामने दो बाइकें भीड़ गईं। इसके चलते एक बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक जयंत (मप्र) से शक्तिनगर की तरफ जा रहे एक बाइक पर बलियानाला निवासी दो सगे भाई राजकुमार केवट (21) व विजय केवट (19) व पड़ोस का गणेश केवट सवार थे। इसी दौरान इनकी बाइक खड़िया से जयंत की तरफ जा रहे रमाशंकर (40) की बाइक से भिड़ गई। इस हादसे में रमाशंकर की मौत हो गई। रमाशंकर पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के विंध्यनगर क्षेत्र का रहवासी बताया जा रहा है। दूसरी बाइक पर सवार तीनों घायलों का इलाज एनटीपीसी के संजीवनी चिकित्सालय मे चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक गणेश की हालत नाजुक बनी है। एसआई राजेश यादव ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा कर मृतक परिजनों को सूचना दे दी गई है। दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर पुलिस जांच कर रही है।