घोरावल ब्लाक के जूनियर हाईस्कूल बरसोत में भरा बारिश का पानी । स्रोत स्वयं
शाहगंज। घोरावल ब्लाॅक का जूनियर हाईस्कूल बरसोत की तस्वीर हर साल बरसात में बिगड़ जाती है। बच्चे घुटने भर पानी में से स्कूल जाते हैं। कभी कभी कई दिनों तक क्लास रूम में पानी जमा रहता है। विद्यालय प्रबंधन कई साल से इसकी शिकायत अधिकारियों से की है, लेकिन सब बेमतलब साबित हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिषदीय स्कूलों के कायाकल्प का अभियान जूनियर हाईस्कूल बरसोत में दूर-दूर तक नजर नहीं आता है। पिछले एक दशक से बरसात के मौसम में स्कूल में पानी जमा हो जाता है, लेकिन अभी तक इस समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। स्कूल में ग्राम पंचायत की ओर से बन रहा शौचालय पिछले ढाई वर्ष से अधूरा पड़ा है । हैंडपंप भी नहीं है। विद्यालय की बाउंडीवाल भी ढह गई है, लेकिन कोई सुध नहीं लेने वाला है। प्रधानाध्यापक राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले कई साल से ब्लाॅक के अधिकारियों को विद्यालय के समस्याओं से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन कोई सुनवाई होती ही नहीं है।