सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस शुक्रवार को विभिन्न संगठनों ने मनाया। इस दौरान पार्टी कार्यालयों, आवासों पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शिकागो के शहीदों को याद किया गया। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव आरके शर्मा के आवास, कार्यालय पर पार्टी के पदाधिकारियों ने सीमित उपस्थिति में और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शिकागो के शहीदों को याद किया। उन्हें श्रद्धांजलि दी। शर्मा ने कहा कि आज भी देश में मजदूरों की स्थिति बेहतर नहीं है। जिस श्रम कानून को लागू करने को लेकर हजारों की तादाद में मजदूरों ने अपनी कुर्बानियां दीं,उसी श्रम कानून का समुचित लाभ आज मजदूरों को नहीं मिल रहा। आज के कोरोना संकट काल में तो मजदूरों की स्थिति और विकट हुई है। मजदूरों के हक की लड़ाई को और आगे बढ़ाने की जरूरत है। यहां नौजवान सभा के दिनेश्वर वर्मा, खेत मजदूर यूनियन के अमरनाथ सूर्य, कमला प्रसाद, संजय रावत, गुड्डू , फूलमती देवी मौजूद रही। डाला: उधर, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड डाला इंटक यूनियन महामंत्री, यूपी इंटक के संयुक्त सचिव एवं इंडियन नेशनल सीमेंट वर्कर्स फेडरेशन के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम कुमार मिश्र ने अपने यूनियन के साथियों के साथ सोशल डिस्टेंसिंग व लाकडाउन के नियमों का पालन करते हुए शहीदों को पुष्प अर्पित कर याद किया। जरूरत के लिए एक बोरी खाद्यान्न, 50 नोज मॉस्क व गुल्लक से प्राप्त 1711 रुपये दिया गया। इस दौरान राजेश तिवारी, बृजेश मिश्रा, राजेश कुमार, दादूलाल शुक्ला, दिलीप सिंह मौजूद रहे।