अनपरा। थाना क्षेत्र के कुलडोमरी गांव में रविवार को संदिग्ध हाल में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। चोपन थाना क्षेत्र के बरगवां निवासी राजेश गोंड (36) कुलडोमरी स्थित अपनी ससुराल में रहता था। रविवार को वह जंगल में बकरी चराने गया था। इसी दौरान संदिग्ध हाल में गोली लगने से युवक की मौत हो गई। जंगल में अन्य चरवाहों ने उसे अचेत हाल में देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश के पीठ व पैर में गोली लगने के निशान हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। युवक को किन परिस्थितियों में गोली लगी है, स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि जंगल में शिकार करने वालों की गोली की चपेट में आया है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।