केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा सोमवार को जिले में 12 केंद्रों पर हुई। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप केंद्रों पर बच्चों को सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। दसवीं में संस्कृत और 12वीं में अधिकांश परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
राबर्ट्रसगंज में डीएवी पब्लिक स्कूल के केंद्र पर एमवीएम पब्लिक स्कूल के 210 बच्चों ने परीक्षा दी। प्रधानाचार्य डॉ. अंकुर भाटिया ने बताया कि परीक्षा में सभी बच्चे उपस्थित रहे। सभी कमरों में निरंतर भ्रमण रहकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया गया।
सनबीम स्कूल के उप प्रधानाचार्य आनंद सिंह ने बताया कि डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चाें का केंद्र बना था। इसमें 12वीं में 50 और 10वीं में 35 बच्चों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। सेंट जोसेफ कांवेंट स्कूल में ओबरा माॅडर्न कांवेंट स्कूल, आश्रम पद्धति विद्यालय घोरावल के कुल 61 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।
शक्तिनगर:
क्षेत्र के तीन केंद्रों पर सीबीएसई की परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। एनसीएल बीना के आवासीय परिसर स्थित डीएवी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के केंद्र पर अनपरा संत फ्रांसिस इंटर काॅलेज के 44 विद्यार्थियों ने हिंदी की परीक्षा दी। इसी प्रकार आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल रेणुसागर के हाईस्कूल के कुल 25 विद्यार्थी संस्कृत की परीक्षा में शामिल हुए।
केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर के कक्षा 12वीं की परीक्षा में कुल 34 छात्र सम्मिलित हुए। उनका केंद्र सेंट जोसेफ शक्तिनगर में था, जबकि सेंट जोसेफ शक्तिनगर के कुल 48 छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर में परीक्षा दी।