सोनभद्र। करीब दो दशक पूर्व जिले में तैनात एक बैंक अधिकारी की ओर से नियम विरुद्ध ढंग से सरकारी मद और ग्राहकों के खाते से लाखों रुपये निकालनेे के मामले में सीबीआई कोर्ट ने 40 लोगों को तलब किया है। लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में बयान दर्ज कराने मंगलवार को कुछ लोग रवाना भी हो गए। पुराने मामले में गवाहों को तलब करने से सरगर्मी बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक करीब दो दशक पूर्व जिले में तैनात एक बैंक अधिकारी ने कुछ कर्मियों से मिलीभगत कर सरकारी योजना के मद में आई धनराशि और कुछ ग्राहकों के खाते से लाखों रुपये निकाल लिए थे। जांच होने पर शासकीय धन का बंदरबांट किए जाने का खुलासा हुआ था। वहीं पीड़ित ग्राहकों ने शासन और जिला प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रुपये दिलाने की मांग की थी। प्रकरण गंभीर होने के नाते मामला सीबीआई कोर्ट में चल रहा है। सीबीआई ने प्रकरण मेें सुनवाई तेज कर दी है। सीबीआई कोर्ट ने मामले से जुड़े करीब 40 लोगों को नोटिस भेज कर बयान दर्ज कराने के लिए लखनऊ तलब किया है। सीबीआई की नोटिस मिलने के बाद संबंधितों में खलबली मच गई है। वे खुद का गला बचाने के लिए हर संभव कोशिश में जुट गए हैं। सूत्रों की मानें तो मंगलवार को मामले से जुड़े कुछ लोग सीबीआई कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए रवाना भी हो गए, जबकि प्रकरण में आरोपी बनाए गए कुछ लोगों की मौत चुकी है।