सोनभद्र। अनपरा थाना पुलिस ने जालसाजी कर करीब 27 लाख रुपये धोखाधड़ी कर हथियाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। अनपरा थाना क्षेत्र के परासी निवासी मंजू सिंह ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके पति स्व. सुभाष चंद्र सिंह फर्म में प्रोपराइटर थे। कार्य कई जगह होने के कारण हर जगह उपस्थित हो पाना संभव नहीं था इसलिए कार्य की देखरेख करने के लिए संजय पाठक के साथ कुछ अन्य लोगों को रखा था। सुभाष की मई 2021 में कोरोना के कारण मौत हो गई। मौत से पहले उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड में अपने फर्म के माध्यम से काम किया था। इसके लिए 26 लाख 93221 रुपये भुगतान होना था। सुनियोजित साजिश के तहत संजय पाठक निवासी डिबुलगंज ने पीड़िता के पति की फर्म से मिलता-जुलते नाम का फर्म बनाया। उसका खाता खोलकर पूरी धनराशि अपने फर्जी खाते में डलवाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी संजय पाठक के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।