सोनभद्र। जिले में बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग की तरफ से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को बिजली विभाग की टीम ने सलखन विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में 28 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी में मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज के अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार चौधरी के मुताबिक बुधवार को सलखन उपकेंद्र से संबंधित महुआव कला, महुआव खुर्द, वेलकम और चिरौली गांव में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। विभाग की तरफ से चोरी का बिजली उपभोग करते हुए पकड़े जाने पर 28 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। जबकि लंबे समय से बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 32 कनेक्शनधारियों को चिह्नित करते हुए उनका बिजली कनेक्शन काटा गया। अभियान का नेतृत्व अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार चौधरन ने किया।