सदर कोतवाली पुलिस ने कचहरी गेट पर लूट, जबरन वसूली, धोखाधड़ी के मामले में तीन नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घोरावल थाना क्षेत्र के भगाही गांव निवासी रूद्र प्रसाद ने एसपी को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके 32 साल के बेटे को एक महिला ने अपने झांसे में लेकर शादी का पंजीयन करा लिया है। महिला की ओर से बेटे पर दबाव बनाकर 20 लाख रुपये की मांग की जा रही है। पैसा न देने पर फर्जी तरीके से गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने शिकायतकर्ता रुद्र प्रसाद, उसके बेटे व साले को पुलिस शांति भंग में चालान भी कर दिया था। जब वे 29 जून को एसडीएम न्यायालय से जमानत कराकर कचहरी गेट पर निकले, तभी आरोपी महिला तीन-चार नाबालिग लडकियों और कुछ युवकों के साथ पहुंची। सभी घेर कर उन्हें मारपीट करने लगे। इस दौरान पास में मौजूद बीस हजार रुपये और बाइक भी लूट लिया। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी, लूट, मारपीट,जबरन वसूली और एससी-एसटी एक्ट में रावर्ट्सगंज निवासी दिपिका दूबे, आरती, दिग्विजय दुबे, तीन-चार नाबालिग लड़कियां, तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।