सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने विवाहिता की संदिग्ध मौत के आरोप में मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों पर गैर इरादतन हत्या, दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई है।
कोन थाना क्षेत्र के खरौधी गांव निवासी कमलेश ने 14 जून 2022 को अपनी पुत्री प्रियंका की शादी सदर कोतवाली क्षेत्र के ओरगाई बिच्छी गांव निवासी श्यामलाल बियार के बेटे विमलेश कुमार से की थी। कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में कमलेश ने आरोप लगाया कि शादी के एक माह बाद ही ससुराल वाले बेटी को दहेज में कार के लिए प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न करने पर अपने बेटे की दूसरी शादी कराने की धमकी भी देते रहे। 28 सितंबर को 2022 काे बेटी प्रियंका दवा लेने राबर्ट्सगंज गई थी, मगर घर नहीं लौटी है। काफी तलाश के बाद भी बेटी का पता नहीं चला। पूछताछ करने पर ससुराल वाले मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। आशंका जताई कि दहेज में कार न मिलने के कारण ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर शव को कहीं ठिकाने लगा दिया है। एसपी के निर्देश के बाद पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति विमलेश बियार, ससुर श्यामलाल, सास प्रेमा देवी पर दहेज उत्पीड़न, गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।