मंगलवार को भाजपा की महिला जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ सदर कोतवाली में पहुंच कर अजय राय के खिलाफ तहरीर दीं। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि पुष्पा सिंह की तहरीर पर कांग्रेस नेता अजय राय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर क्राइम कृष्णानंद राय की अगुवाई में एक टीम मामले की जांच पड़ताल के लिए लगाई गई है। टीम पूछताछ के लिए वाराणसी भेजी गई है।
प्रांतीय अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे भाजपा की बौखलाहट का परिणाम बताया। कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आए दिन अमर्यादित टिप्पणी करने वाले करने वाले आज मर्यादा की बात कर रहे हैं।
अजय राय के बयान में ऐसा कुछ नहीं था। बीजेपी सरकार में आम जनता का एफआईआर लिखने में कई दिन लग जाते है। बलात्कार और महिलाओं पर उत्पीड़न होने पर उन्हें दर-दर की ठोकर खाना पड़ता है, मगर विपक्ष की आवाज रोकने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एडवोकेट धीरज पांडेय ने कहा कि उन्नाव से लेकर हाथरस में बेटियों से बलात्कार के मुद्दों पर मौन साधने वालों का आज महिला अस्मिता की दुहाई देना हास्यास्पद है। भाजपा के कई शीर्ष नेता लगातार सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य महिला नेताओं के प्रति आए दिन असंसदीय भाषा का प्रयोग करते हैं, लेकिन तब न भाजपा की महिला मोर्चा जागती है और न पुलिस-प्रशासन को कुछ सुनाई पड़ता है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्र ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा बौखला गई है, इसलिए आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।