दुद्धी। कोतवाली पुलिस ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवा कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दुद्धी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार दुद्धी ब्रजेश वर्मा की तहरीर पर यह मामला दर्ज किया गया है। तहरीर में तहसीलदार ने आरोप लगाया है कि प्रदीप कुमार नाम के व्यक्ति ने तहसील से 10 अगस्त 2017 को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करा लिया। कहा कि मुख्य विकास अधिकारी की तरफ से 13 जुलाई को जारी निर्देश के क्रम में इस मामले में प्राप्त शिकायती पत्र का संज्ञान लेते हुए जांच की गई। जांच में यह पता चला कि प्रदीप कुमार के पिता विनोद कुमार ग्राम भीमसेन तहसील सदर जनपद प्रतापगढ़ के मूल निवासी हैं। कुछ वर्षों से विनोद ने ग्राम डूमरडीहा में मकान बनवा लिया है। इसी पते पर प्रदीप ने जाति प्रमाण पत्र बनवा लिया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर प्रदीप कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।