जिले में परिवहन विभाग के फर्जी रिलिजिंग आर्डर पर ट्रक समेत अन्य वाहनों को छुड़ाने के मामले का दायरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की रात हाथीनाला थाने में एआरटीओ की तहरीर पर पुलिस ने छह वाहन स्वामियों और चालकों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर फर्जी रिलीज ऑर्डर के मामले में संभागीय परिवहन अधिकारी पीएस राय ने हाथीनाला थाने तहरीर देकर छह वाहनों के वाहन स्वामियों व चालकों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस ने बताया कि वादी परिवहन विभाग के एआरटीओ प्रशासन ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि हाथीनाला थाने में बंद वाहन चालक व स्वामी फर्जी अवमुक्त आदेश देकर वाहन छुड़ाकर ले गए। जबकि जांच के दौरान पाया गया एआरटीओ विभाग द्वारा कोई अवमुक्त आदेश नहीं जारी किया गया है। उनकी तहरीर नामजद छह वाहनों के अज्ञात मालिक और चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। हाथीनाला थाना प्रभारी रवींद्र प्रसाद ने बताया कि परिवहन विभाग की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत करके नामांकित नंबर के आधार पर वाहन चालकों व वाहन स्वामी की तलाश के लिए परिवहन विभाग को पत्र लिखकर वाहन स्वामी के पते को निकाला जा रहा है।