शक्तिनगर। एनसीएल बीना कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर में पानी टंकी लगाने का कार्य करने वाले पेटी ठेकेदार के अपहरण का मामला आया है। शनिवार की रात बांसी पेट्रोल पंप के पास कार सवार उसे मारपीट कर उठा ले गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची है। पुलिस ने कई स्थानाें पर घेराबंदी कर बदमाशाें का सुराग लगाने में जुटी, लेकिन 20 घंटे बाद भी सफलता नहीं मिली है।
म्योरपुर निवासी आशीष तिवारी (26) पुत्र अरविंद तिवारी अपने रिश्तेदार के घर चंदुआर गांव में रहकर संविदा संबंधी कार्य करता था। कुछ दिन पूर्व वह घर म्योरपुर गया था और शुक्रवार पुनः कार्य पर लौट आया। शनिवार की रात करीब आठ बजे आशीष तिवारी साथी कर्मी अखिलेश राम निवासी गढ़वा (झारखंड) के साथ बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित बांसी पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने गया था। वहां से लौटते समय अचानक कार सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। साथी अखिलेश के मुताबिक बदमाशों ने उन दोनों के साथ मारपीट की। मोबाइल व कुछ पैसा छीन लिया। आशीष तिवारी को जबरन कार में बैठाकर भाग निकले। घटना की जानकारी अखिलेश ने चंदुआर गांव में रहने वाले रिश्तेदारों को दिया। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य मार्ग पर जगह जगह बैरेकेटिंग लगाकर सघन वाहन जांच एवं पेट्रोल पंप सहित अन्य जगहों पर लगे सीसी टीवी कैमरा व मोबाइल लोकेशन के माध्यम से शनिवार रात से ही खोजबीन में जुटी है। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं का बारिकी से परीक्षण कर रही है। अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका।