राबर्ट्सगंज ब्लॉक के तियरा नायक पोलिंग बूथ पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते एसडीएम और सीओ।
- फोटो : SONBHADRA
पंचायत उपचुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो और ग्राम पंचायत सदस्य के एक पद पर बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। तीनों सीटों के लिए कुल छह बूथ पर 66.33 प्रतिशत वोट पड़े। सबसे ज्यादा मतदान हथवानी में हुआ। मतदान के बाद देर शाम मतपेटी को कड़ी सुरक्षा में ब्लाक कार्यालय में बने स्ट्रांग रूम में सील कर दिया गया। पांच अगस्त को मतों की गिनती के बाद परिणाम सामने आएगा। बीडीसी सदस्य के दोनों पदों के नतीजे पर सभी की निगाह लगी हुई है।
सदर ब्लाक के तियरा नायक वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए तियरा नायक में दो और बिजौली में एक बूथ पर मतदान हुआ। बूथ संख्या 227 पर कुल 622 में से 401 मतदाताओं ने वोट किया। वहीं बूथ संख्या 228 पर कुल 637 में 354 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी वार्ड के लिए बिजौली गांव के बूथ पर 381 मतदाता थे, जिसमें 249 ने वोट दिया। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुबह से एसडीएम रमेश कुमार, सीओ राजकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस फोर्स गांव में मुस्तैद रही। एसडीएम हर गतिविधि की जानकारी लेते रहे। इस वार्ड से दो प्रत्याशी मैदान में हैं। उधर, दुद्धी ब्लाक के हथवानी वार्ड में बीडीसी सदस्य पद के लिए कुल 1253 वोट पड़े। सेक्टर मजिस्ट्रेट अमित गोंड ने बताया कि बूथ संख्या 145 पर 331 और बूथ संख्या 146 पर 586 वोट पड़े हैं। मेदनीखाड़ ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 65 फीसदी मतदान हुआ। सेक्टर मजिस्ट्रेट कमलेश वर्मा ने बताया कि 122 में से 79 मतदाताओं ने वोट दिया। एसडीएम शैलेंद्र मिश्र दोनों स्थानों पर मतदान की निगरानी करते रहे। बूथों का भ्रमण कर पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। सभी प्रत्याशी व उनके समर्थक मतपेटी सील होने तक डटे रहे।
राबर्ट्सगंज ब्लॉक के तियरा नायक पोलिंग बूथ पर मतदान करते लोग।- फोटो : SONBHADRA