शक्तिनगर। थाने की बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित जमशीला निवासी एक युवक की सर्पदंश व चोट की वजह से मंगलवार देर रात मौत हो गई। मृतक सुअर पालन के कारोबार से जुड़ा था।बताते हैं कि सुअर पालक बाबू लाल सोनकर उर्फ बबुआ (45) मंगलवार दोपहर सुअरों को देखने बीना कालोनी के एक हिस्से में मौजूद झाड़ियों में गया था। परिवार वालों के मुताबिक वहीं उसे सांप ने काट लिया। सर्पदंश के आभास के बाद आनन फानन में किसी तरह बाबू लाल बाइक से घर जाने लगा लेकिन डर और हड़बड़ाहट में रास्ते में ही मूर्छित होकर गिर गया। इसके चलते उसके सिर सीने में काफी चोट आ गई। घटना के बाद राहगीरों की सूचना पर घरवालों ने उसे उठाकर बीना अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसे नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर देख चिकित्सको ने रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते वक्त देर रात रास्ते में (डाला के पास) उसकी मौत हो गई।. मौत की खबर घर पहुंची तो परिजन बिलख पड़े। बीना चौकी इंचार्ज अभिनव वर्मा ने युवक को चोट लगने की पुष्टि किया लेकिन कहा कि सर्पदंश की जांच की जा रही है।