विंढमगंज। थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव में पिकअप के धक्के से एक व्यवसायी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। मृतक ने पुत्र ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार हरनाकछार निवासी रामकेश गुप्ता (60) पुत्र लुखुर गुप्ता छोटे पैमाने पर किसानों से फसल खरीदने का कारोबार करते थे। बुधवार को वह अपने गांव में ही दूसरे टोले में धान खरीदने के लिए कुछ किसानों से सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी बीच दोपहर तीन बजे तेज रफ्तार पिकअप ने उनको जोरदार टक्कर मारते हुए एक मकान से जाकर टकरा गई। घटना में रामकेश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी श्याम बिहारी ने पिकअप समेत चालक को अपने कब्जे में ले लिया। जबकि शव को अंत परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। मृतक के पुत्र संजय गुप्ता ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है।
ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन घायल, रेफर
अनपरा। थानान्तर्गत वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर डिबुलगंज के पास एक ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय रहवासियों के मदद एवं एंबुलेन्स से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रेणुकूट तुर्रा निवासी मो. फैज, मो. शाबान और मो. अशरफ अनपरा के काशीमोड़ पर अपनी गाड़ी का कागज लेने आए थे। देर शाम तीनों कागज लेकर अपने घर रेणुकूट की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे डिबुलगंज मे पीपल के पेड़ के पास पहुंचे, पीछे से कोयला लेकर रेणुकूट की ओर जा रही ट्रेलर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। तीनों युवक बाइक समेत ट्रेलर में फंस गए। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। ट्रेलर चालक गाड़ी खड़ी कर मौके से फरार हो गया। घटना देख वहां आसपास लोगों की भीड़ लग गई। सामाजिक कार्यकर्ता बांके सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से ट्रेलर में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। मो. फैज के दाहिने पैर में गंभीर चोंटे आई है। वहीं शाबान का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया है। अशरफ की कमर की हड्डी फ्रैक्चर बताई जा रही है। संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर अनुराग गुप्ता ने तीनों का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी तीनों को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
नहीं आई सरकारी एंबुलेंस, प्राइवेट वाहन से घायलों को भेजा
संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज में 108 की एक और 102 की एक एंबुलेंस उपलब्ध है। मंगलवार की रात भी एक साथ तीन युवक गम्भीर हालत में अस्पताल पहुंचे। एक ही एंबुलेंस होने के कारण एक घायल को सरकारी एंबुलेंस अस्पताल से भेज दिया गया। दो अन्य घायलों को प्राइवेट एंबुलेंस से भेजना पड़ा।