बभनी में सडक हादसे में मृतक -गिरवर प्रसाद(फाइल फोटो)।स्रोत परिजन
बभनी। स्थानीय थानाक्षेत्र में मंगलवार की सुबह बेकाबू पिकअप की चपेट में आने से गिरवर प्रसाद (47) की मौत हो गई। वह बभनी कस्बे में आढ़त चलाते थे। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। बभनी निवासी गिरवर प्रसाद (47) रोज की तरह मंगलवार की सुबह करीब पौने पांच बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर बीआरसी के समीप रेणुकूट की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गिरवर प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सीएचसी बभनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी बिमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।