एनसीएल खड़िया कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर के करीब स्थित गैस गोदाम की दीवार तोड़ चोरों ने 22 एलपीजी सिलेंडर गायब कर दिया। सिलेंडर चोरी की घटना से एनसीएल खड़िया कोऑपरेटिव की व्यवस्था संभाल रहे पदाधिकारियों में खलबली मच गई।
सिलेंडर खरीद व वितरण का कार्य को-आपरेटिव देखती है। गोदाम में सेंध मार कर चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पूर्व गैस गोडाउन से दो बार चोर सेंधमारी कर करीब दो दर्जन एलपीजी गैस सिलेंडर पार कर चुके हैं। एनसीएल खड़िया परियोजना उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष संत कुमार और सचिव एससी द्विवेदी ने शक्तिनगर थाने में तहरीर देकर गैस गोदाम में चोरी की घटना की जानकारी दी। बताया कि बीती रात गैस गोदाम के पास मौजूद नाले साइड की दीवार को तोड़कर 22 भरे हुए सिलेंडर को चोर उठा ले गए। चोरी हुए 22 सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एनसीएल खड़िया सुरक्षा टीम की लापरवाही उजागर हुई है। एनसीएल खड़िया परियोजना सुरक्षा अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि गैस गोदाम को सुरक्षा देना हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर का है।