सोनभद्र। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि निष्पक्ष व सकुशल चुनाव कराने के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स का प्रबंध किया गया है। चुनाव के लिए 83 एसआई, 614 होमगार्ड और 79 सेक्शन पीएसी की अतिरिक्त मांग भी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक निकाय के लिए स्टेटिक सर्विलांस टीम का गठन किया गया है, जो नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत के साथ सक्रिय हो जाएगी। वहीं दस फ्लाइंग स्क्वाड का भी गठन किया गया है। यह नामांकन के बाद जिम्मेदारी संभालेगी। एसपी ने बताया कि चार राज्यों से जिले की सीमा लगने के कारण सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अंतरराज्यीय सीमाओं से लगते 12 थानों में 26 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। इसके अलावा सात थाना क्षेत्रों में 27 स्थानों पर अंतरजनपदीय बैरियर स्थापित किया गया है। इसके अलावा 22 पुलिस पिकेट भी स्थापित किया गया है। इन स्थानों पर पुलिसकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। सभी बैरियर सोमवार से सक्रिय हो जाएंगे। चुनाव के दौरान बाहर से आने वाली शराब व अन्य अनधिकृत वस्तुओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने के लिए भी रूपरेखा बनाई गई है।