राबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में बुधवार को बसपा जिलाध्यक्ष कमलेश गौड़ की अध्यक्षता में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कोतवाली घेराव किया। आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता के साथ बीती रात हुए लूट व मारपीट मामले में मामला दर्ज नहीं किया गया। कार्यकर्ताओं ने केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग उठाई। बताया कि ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली खैरटिया टोला निवासी राहुल दूबे अपने निजी वाहन से मंगलवार देर शाम वाराणसी से होकर घर वापस जा रहे थे। मंगलवार की रात में इमरती कॉलोनी के समीप वाहन रोककर शौच करने उतरे थे। इसी दौरान कुछ युवक लाठी डंडा लेकर उनके ऊपर हमला बोल दिया और उन से रंगदारी मांगने लगे। जब इसका उन्होंने विरोध किया तो उनको बुरी तरह से पीटा और उनके पास से जो मिले पैसे व गले में पहने चेन छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। इससे नाराज बसपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर विरोध जताया। कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो कलेक्ट्रेट का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जायेगा। इस मौके पर अशोक चौबे, अविनाश शुक्ला, धर्मेश तिवारी, राकेश उपाध्याय, बाबूल, रामचंद्र, जगदीश तिवारी आदि रहे।