जिले में इन्फ्लुएंजा के भले ही एक भी मामले नहीं मिले हैं, लेकिन अन्य जनपदों में बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। मंगलवार को भदोही के सौ बेड वाले मातृ शिशु विंग अस्पताल में बीएसएल-2 लैब चालू हो गई। इस लैब में आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके चक ने लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक उपकरणों की जांच की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ ने लैब सहायक को निर्देश दिया कि जांच केवल चिकित्सक के लिखे पर्चे पर ही की जाए। हालांकि, लैब चालू होने के पहले दिन कोई जांच नहीं हुई। सीएमओ ने बताया कि जिले के 30 अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा मरीजों के लिए 100 बेड आरक्षित हैं। सभी वार्डों की गहनता से जांच की गई है। आरक्षित बेडों पर ऑक्सीजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। कहा कि स्वास्थ्य विभाग इन्फ्लुएंजा के संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क है। नई लैब से जिले में ही जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी। आरक्षित बेडों पर ऑक्सीजन और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।