सोनभद्र। पटवध-बसुहारी मार्ग पर घाघर नदी में निर्माणाधीन पुल नवंबर तक तैयार होगा। डीएम चर्चित गौड़ ने निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण में भी तेजी लाने को कहा। पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण की भौतिक प्रगति अभी 43 प्रतिशत है। परियोजना को पूरा करने की पुनरीक्षित तिथि 31 मार्च 2027 निर्धारित है। वहीं, इसी मार्ग पर मुख्य जिला मार्ग के किलोमीटर तीन में घाघर नदी पर पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण जिला खनिज न्यास फाउंडेशन (डीएमएफ) से कराया जा रहा है। इस परियोजना की प्रगति 80 प्रतिशत है। इसे पूरा करने की निर्धारित तिथि 31 अक्तूबर है। डीएम ने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि घाघर नदी पर पुल का निर्माण नवंबर तक हर हाल में पूरा कराया जाए। साथ ही पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में काम पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी नियमित निगरानी कर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। मानकों की अनदेखी या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ राजेश कुमार, अपर संख्याधिकारी जय सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज नायक, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।