जिला अस्पताल में चिकित्सकों क़ो राखी बांधतीं ब्रह्मकुमारी बहनें। -स्त्रोत: संस्था।
सोनभद्र। रक्षाबंधन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय रॉबर्ट्सगंज केंद्र की ओर से नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिला अस्पताल और वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मरीजों, चिकित्सकों, नर्सों और बुजुर्गों को राखी बांधकर प्रेम, पवित्रता, आत्मिक भाईचारे और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया। जिला अस्पताल में 60 मरीजों, आठ डॉक्टरों और 20 नर्सों समेत 88 लोगों को राखी बांधी गई। ब्रह्माकुमारी सुमन दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर धागा बांधने का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं को बुराइयों से मुक्त करने का आध्यात्मिक संकल्प है। उन्होंने क्रोध, अहंकार, ईर्ष्या और नशे जैसी बुराइयों का त्याग कर शांति, प्रेम और करुणा अपनाने की प्रेरणा दी। इसके बाद वृद्धाश्रम में 55 बुजुर्गों को राखी बांधी गई। उन्हें नई पीढ़ी को नशामुक्त और संस्कारवान जीवन की प्रेरणा देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बीके सरोज, कविता, दीपशिखा, मोना, मीना, रंजना, अवधेश भाई, राजकेश्वर भाई का सहयोग रहा।