सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक हलचल शुरू हो गई है। मतदेय स्थलों के संभाजन के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कार्य में उनसे सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में एडीएम सहदेव मिश्र ने बताया कि आयोग ने मतदेय स्थल (बूथ) को 1500 वोटर पर बांटने का निर्देश दिया है। पहले एक बूथ पर 1200 मतदाता तय थे। इस क्रम में जिले में कार्य शुरू हो गया है। राजनीतिक दलों से अपील किया कि एक बूथ पर एक बूथ लेवल एजेंट की तैनाती करें ताकि इस कार्य को बीएलओ सही ढंग से पूर्ण कर सकें। निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि बूथ संभाजन के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि वोटर को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। मतदाता के घर से बूथ की दूरी दो किमी से अधिक नहीं होनी चाहिए। आयोग ने यह भी कहा है कि किसी केंद्र पर दो बूथ हैं तो 1500 मतदाता प्रति मतदेय स्थल के रूप में समायोजित करने की कोशिश की जाए, ताकि बूथों की संख्या कम हो सके। किसी बूथ पर अगर पांच सौ मतदाता हैं तो दूसरे अन्य बूथ से जोड़ने की कोशिश हो। एडीएम ने राजनीतिक दलों को मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराते हुए उसके आधार पर अपने बीएलए के माध्यम से सत्यापन कराने को कहा, ताकि कोई मतदेय स्थल दूर या जर्जर भवन में हो तो उसे बदला जा सके। बैठक में एसडीएम ओबरा प्रभाकर सिंह, दुद्धी सुरेश राय, तहसीलदार सदर अरूण कुमार गिरि, घोरावल ज्ञानेंद्र कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह, भाजपा के सुनील सिंह, सपा के अशोक पटेल, बसपा के जिलाध्यक्ष बी. सागर, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, अनिल यादव आदि मौजूद रहे।