सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मारकुंडी के ओबरी टोले में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की सुबह बरातियों से भरी एक बोलेरो खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने दो घायलों को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को चोपन थाना क्षेत्र के महुआव गांव निवासी अखिलेश दुबे की बेटी की बरात जुगैल थाना क्षेत्र के चतरवार गांव में गई थी। शनिवार की सुबह साढ़े छह बजे बरात से बोलेरो में सवार होकर चालक समेत पांच लोग महुआव के लिए चले। रास्ते में ओबरी टोले के पास बोलेरो पीछे से खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखचे उड़ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही फोर्स के साथ चौकी प्रभारी गुरमा राजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच गए और मौजूद लोगों की मदद से बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि भोला तिवारी (24) पुत्र जयनारायन निवासी बारा, जनपद सतना (मध्य प्रदेश) की मौत हो गई थी। शव कब्जे में लेते हुए घायल अमरेश पाठक (42) पुत्र भुन्नेश्वर निवासी बेलकप थाना चोपन, प्रदीप मिश्र (40) ओमप्रकाश मिश्र निवासी ग्राम खोराडीह थाना अहरौरा, जनपद मीरजापुर और सोनू दुबे (30) पुत्र अखिलेश दुबे व राकेश दुबे (35) पुत्र सुरेंद्र दुबे निवासी ग्राम महुआंवकला को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने घायलों की हालत नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उधर हादसे की भनक लगते ही मृतक और घायलों के परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। चौकी इंचार्ज का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।