हाथीनाला। स्थानीय थानाक्षेत्र के बेलहत्थी ग्राम पंचायत के टोला खरछनवा डोमाडांड के जंगल में रविवार को तीन दिन से लापता दौली देवी (62) का शव मिला। गांव के चरवाहों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बेलहत्थी ग्राम पंचायत के टोला खरछनवा डोमाडांड निवासी दौली देवी अपने मायके में रह रहीं थीं। वह तीन दिन पहले घर से लापता हो गईं थीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। 24 सितंबर को हाथीनाला थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रविवार को दोपहर गांव के चरवाहे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें बुजुर्ग महिला का शव दिखा। जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। बेलहत्थी के प्रधानपति राजकुमार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। हाथीनाला एसओ विनोद यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि दौली देवी की शादी पाटी ग्राम पंचायत निवासी अयोध्या प्रसाद खरवार के साथ हुई थी। उनके पति का निधन हो चुका था। किसी कारणवश वह ससुराल छोड़कर मायके में रह रहीं थीं।