दुद्धी तहसील सभागार में बीएलओ की बैठक में शामिल लोग-जागरूक पाठक
दुद्धी। आगामी चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर तहसील सभागार में बीएलओ की बैठक हुई। तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन के संबंध में निर्देश दिए गए। तहसीलदार ने बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन करने को कहा। उन्होंने मतदाताओं के विवरण की जांच कर त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए। किसी मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों या बूथों पर दर्ज होने की स्थिति में नियमानुसार अतिरिक्त प्रविष्टि हटाने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। बैठक में मृतक मतदाताओं और स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन रखने के लिए सत्यापन कार्य गंभीरता से करने तथा निर्धारित समय में जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।