उत्तर प्रदेश दिवस एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 23 जनवरी को पुलिस लाइन चुर्क में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसको लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार ने कहा कि यह आयोजन जहां उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस का उत्सव है, वहीं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अद्वितीय योगदान को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को गरिमामयी, सुरक्षित और जन-जागरूकता से भरपूर तरीके से संपन्न कराया जाए। एडीएम ने बताया कि पुलिस लाइन में प्रस्तावित ब्लैक आउट माॅकड्रिल का उद्देश्य आकस्मिक परिस्थितियों में सुरक्षा प्रबंधन की कवायद करना है। साथ ही जनता में अनुशासन एवं राष्ट्र सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। विभागों में समन्वय आवश्यक चीफ डिप्टी कंट्रोलर प्रदीप यादव ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पुलिस प्रशासन, नागरिक सुरक्षा और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि ड्रिल से जुड़े सभी बिंदुओं पर समयबद्ध तरीके से तैयारी की जा रही है। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और तत्परता के साथ करें, ताकि ब्लैकआउट माॅक ड्रिल का आयोजन भव्य, प्रभावी और प्रेरणादायक बन सके।