विधानसभा चुनावों की तरह ही निकायों में भी भाजपा की प्रचंड जीत तय है। डबल इंजन की सरकार में देश व प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। इससे प्रभावित लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। यह बातें गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने वीआईपी अतिथि गृह में पत्रकारों से कहीं।
सोनांचल महोत्सव में शामिल होने आए रवि किशन ने कहा कि वह जनता से रूबरू होने और उनका प्यार पाने के लिए ओबरा आए हैं। सोनभद्र की धरती पर वह कई फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं। इसलिए उन्हें इस धरती से मोह हो गया है।
कहा कि अक्सर योगी महाराज से सोनभद्र के बारे में उनकी चर्चा होती है। यह धरती तो खनिज संपदा की धरती है। सोना, चांदी, हीरा और एक से एक खान व खदानें यहां मौजूद हैं। बताया कि यहां की वादियां फिल्म शूटिंग के लिए बहुत मुफीद हैं। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन को लेकर योगी सरकार इस जिले के विकास के लिए पूरी तरह संजीदा है।
फिल्म और राजनीति में सामंजस्य बनाने के प्रश्न पर अभिनेता रवि किशन ने कहा कि मेरे फिल्म छोड़ देने से करोड़ों रुपये की हानि हो सकती हैं। फिर भी मैं जनता की सेवा करना बेहतर समझता हूं। कहा कि वर्तमान में मेरी कई फिल्में निर्माणाधीन हैं। कुछ फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग सोनभद्र में वह कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब जितनी जल्दी फिल्में बन रही हैं उतनी ही जल्दी पर्दे से उतर भी जा रही हैं।