व्हाट्सप्प हैक होने के बाद रॉबर्ट्सगंज विधायक ने फेसबुक पर पोस्ट कर लोगों क़ो सतर्क किया। स्त्रो
सोनभद्र। साइबर ठगों ने रविवार को रॉबर्ट्सगंज के भाजपा विधायक भूपेश चौबे का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। कई परिचितों को मेसेज भेजकर रुपये मांगे गए। इसकी जानकारी विधायक को हुई तो वह भी सन्न रह गए। विधायक की सूचना पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि ओटीपी के जरिये अकाउंट का रिमोट एक्सेस लेकर मेसेज भेजे गए। रॉबर्ट्सगंज के भाजपा विधायक भूपेश चौबे के व्हाट्सएप नंबर से कई परिचितों को मेसेज पहुंचा। इसमें बेहद जरूरी बताते हुए एक लिंक पर तुरंत पैसे भेजने को कहा गया था। किसी से 10 तो किसी से 15-20 हजार रुपये मांगे गए। अचानक इस तरह का मेसेज देखकर लोग चौंक गए। रुपये ट्रांसफर करने से पहले विधायक से फोन कर कुशलक्षेम पूछते हुए कारण जानना चाहा। रुपये मांगने की बात सुनकर विधायक भी चौंक गए। उन्होंने किसी को भी इस तरह का मेसेज न भेजने की बात कही। बाद में पता चला कि उनके व्हाट्सएप अकाउंट से ऐसे कई मेसेज भेजे गए हैं। तुरंत विधायक ने एसपी को इसकी सूचना दी। एसपी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बाद में विधायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अकाउंट के अनधिकृत इस्तेमाल की जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके पुराने नंबर से रुपये मांगने वाला संदेश आने पर बिना पुष्टि के रकम न भेजें। किसी संदिग्ध लिंक पर भी क्लिक न करें। अकाउंट सुरक्षित होने तक संदेशों पर भरोसा करने से पहले दूसरे माध्यम से पुष्टि कर लें। विधायक ने बताया कि फिलहाल उनसे संपर्क के लिए वैकल्पिक मोबाइल नंबर है। उन्होंने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी।