बीजपुर। बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर जरहां गांव के सरसों डाड के पास शुक्रवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सड़क पर अचानक पशु सामने आने से वह बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया।
जरहां ग्राम के धौरहवां टोला निवासी वारिस (25) पुत्र जनकधारी शुक्रवार की रात एक बाइक पर बैठकर कहीं जा रहा था। बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर सरसों डाड के पास अचानक पशु सामने आने से बाइक चालक ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे बाइक फिसल गई। उस पर पीछे सवार सड़क पर गिर गया। उसे सिर में गंभीर चोट आई।
क्राइम इंस्पेक्टर अजय विक्रम यादव ने बताया कि मौके पर पहुंची बीजपुर पुलिस ने उसे रिहंद धन्वंतरि चिकित्सालय में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अन्यत्र चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बैढन ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह बीजपुर के एसआई श्रवण कुमार यादव ने इंस्पेक्टर क्राइम की देखरेख में शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।