वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर मारकुंडी के पास सोमवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बजरा गांव निवासी धर्मजीत भारती (28) पुत्र विजयी भारती एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करता था। सोमवार की सुबह वह शक्तिनगर से घर लौट रहा था। मारकुंडी के पास अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। धर्मजीत दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो बच्चे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।