घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के पिपरवार मोड़ के पास सोमवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घोरावल क्षेत्र के चौहान मझिगवा गांव निवासी परमानंद विश्वकर्मा उर्फ बल्लू (23) पुत्र निरंजन विश्वकर्मा पंखा मोटर बाइंडिंग आदि की रिपेयरिंग करता था। उसकी दुकान पिपरवार गांव में मुख्य सड़क के किनारे है। सोमवार की रात दुकान बंद कर घर जाते समय पिपरवार के एक ग्राहक सेवा केंद्र के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली निरीक्षक अंजनी कुमार राय मौके पर पहुंचे और घायलावस्था में परमानंद को सीएचसी घोरावल ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मंगलवार की भोर में उसकी मौत हो गई। इस मामले में कोतवाली निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक घायल हुआ। ट्रामा सेंटर बीएचयू में उसकी मौत हो गई। इस मामले में तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।