विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव स्थित दशरथ मोड़ तिराहे पर शुक्रवार को बाइक और बोलेरो में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसके तीन साथी घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
धरतीडोलवा ग्राम पंचायत निवासी राकेश (20), छोटू (18), अरुण (18) और राजन (20) किसी काम से दुद्धी जा रहे थे। चारों एक बाइक पर सवार थे। रांची-रीवा मार्ग पर हरनाकछार गांव स्थित दशरथ मोड़ तिराहे के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से टकरा गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया।
वहीं छोटू और राजन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अरुण के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान व हरनाकछार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी आदि ने बताया कि दशरथ मोड़ तिराहे के पास रोड से सटे विशाल आम का वृक्ष होने के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं। शुक्रवार की घटना के पीछे भी यह पेड़ प्रमुख वजह रहा। थानाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताश कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल युवकों का उपचार चल रहा है। बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।