विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक गांव में रविवार को दोपहर करीब एक बजे कार व बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के मुताबिक रविवार को दोपहर में चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव निवासी मुकेश कुमार (35) पुत्र कैलाश अपने बाइक से विंढमगंज से दुद्धी की ओर आ रहा था। हीराचक गांव में पहुंचते ही बाइक सवार को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक खून से लथपथ होकर मदद की गुहार लगाने लगे। युवक का दाहिना पैर कई जगह से टूट गया और जांघ की हड्डी टूटकर कार के चेचिस में जा फंसी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से दुद्धी सरकारी अस्पताल भेजवाया जहां स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को कब्जे में ले लिया है।