मधुपुर। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सुकृत चौकी क्षेत्र के अमौलिया गांव के पास बृहस्पतिवार को दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। घटना अवैध कट से सड़क पार करने के दौरान हुई। टक्कर से डिवाइडर पर गिरे बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करमा थाना क्षेत्र के अतरवा गांव निवासी विकास कुमार (18) पुत्र . पारसनाथ बृहस्पतिवार को किसी कार्य से मधुपुर आया था। अमौलिया गांव के पास वह सड़क पार करने के लिए अवैध कट की ओर बढ़ा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। विकास कुमार का सिर डिवाइडर से टकरा गया। हेलमेट नहीं पहनने के कारण उसे सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। जब तक युवक को अस्पताल पहुंचाया जाता, उसकी मौत हो चुकी थी।
उधर, दूसरे बाइक सवार मनीष (24) और सुभाष (22) निवासी जुगैल को भी हल्की चोट आई। दोनों को मधुपुर सीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर सुकृत चौकी प्रभारी सुरेश त्रिवेदी ने शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के घरवालों से मिली तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर जगह-जगह अवैध कट बने खतरनाक
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर जगह-जगह बने अवैध कट खतरनाक रूप ले चुके हैं। अपनी सुविधा के लिए ग्रामीणों की ओर से बनाए गए कट अक्सर हादसों का कारण बन रहे हैं। अवैध कट के पास न कोई संकेतक है और न ही ब्रेकर। ऐसे में तेज रफ्तार से हाईवे पर चलने वाले वाहन चालक इससे बेखबर रहते हैं। अचानक से किसी वाहन के सामने आने पर असंतुलित होकर हादसों का शिकार होते हैं। पूर्व में अवैध कट के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इस मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद हाईवे की देखरेख करने वाली कंपनी ने कई स्थानों पर अवैध कट बंद भी कराए, लेकिन लोगों ने दोबारा मनमाने तरीके से डिवाइडर तोड़कर अवैध कट बना लिया है।