दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में सोमवार की सुबह बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह सब्जी बेचता था। हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर को चालक समेत पुलिस ने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक को तीन बच्चे हैं।
क्षेत्र के तुर्रीडीह गांव निवासी बैजनाथ (33) गांव में सब्जी बेचता था। सोमवार को सब्जी खरीदने वह बाइक से कृषि मंडी जा रहा था। गुलालझरिया गांव के पास भट्ठी मोड़ पर म्योरपुर की तरफ नल-जल योजना की पाइप लेकर आ रहे ट्रेलर ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से बाइक सवार बैजनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भिजवाया।
कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि चालक समेत ट्रेलर को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सुपुर्द कर दिया गया।
तीन मासूमों के सिर से छिना पिता का साया
सड़क दुर्घटना में सब्जी विक्रेता बैजनाथ की हुई मौत के बाद परिजन बेहाल हैं। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बैजनाथ के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी 12 वर्ष है। वह कक्षा-7 में पढ़ती है। पढ़ाई के बाद पिता के काम में हाथ बंटाती थी। उसके दो भाई-बहन छोटे हैं। पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी पत्नी और बड़ी बेटी पर आ गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन शव से लिपट कर रो रहे थे। बच्चों के करुण क्रंदन से सबकी आंखें डबडबा गई थीं।