खलियारी। रायपुर थाना के खलियारी बाजार में मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर समेत चालक फरार हो गया।
बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के चैनपुर थाना अंतर्गत बघैला निवासी सुदेश (26) मंगलवार की शाम किसी काम से खलियारी बाजार में आया था। लौटते समय रात करीब आठ बजे बाजार में पोखरे के पास वह तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। उसे सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से उसे वैनी सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने घटना स्थल से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।