चोपन। गुरमुरा में रविवार की शाम हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तेज रफ्तार हाइवा डाला से रेनुकूट की तरफ जा रही थी। गुरमुरा चौराहे पर सामने से आई बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हंसलाल (28) और रामसूरत (30) निवासी लाली माटी जोगिडीह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस व आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से चोपन सीएचसी पहुंचाया। इलाज के बाद रामसूरत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल हंसलाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।