बभनी। थाना क्षेत्र के बभनी-चौना मार्ग पर बुधवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक रामलाल (38) पुत्र विश्वनाथ गोंड निवासी करकच्छी बुधवार को किसी काम से झोझवा गया था। वहां से घर लौटने में उसे देर शाम हो गई। बाइक सवार रात में करीब साढ़े आठ बजे बभनी-चौना संपर्क मार्ग स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के पास पहुंचा था तभी किसी वाहन ने उसको चपेट में ले लिया। घटना में रामलाल को गंभीर चोट आई। राहगीरों ने घटना की सूचना 108 एंबुलेंस पर दी। पास पड़ोस के लोगों की मदद से घायल को सीएचसी बभनी पहुंचाया गया। स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने रामलाल की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टराें ने उसे मृत घोषित कर दिया। घरवालों ने घटना की जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह बभनी थाने में दी। सूचना पर बभनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।