सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा में बाइक सवार बदमाशों के हमले से घायल बाइक मिस्त्री ने बृहस्पतिवार की देर रात दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी निवासी राजू उर्फ राजेश गुप्ता का पुत्र हिमांशु (20) उरमौरा में बाइक मिस्त्री था। बृहस्पतिवार को दुकान पर पहुंचे मनबढ़ों ने -डंडे, चाकू और नुकीले हथियार से वार कर हिमांशु को लहूलुहान कर दिया था। लोगों ने एक हमलावर को पकड़ लिया था, जबकि अन्य फरार हो गए थे। घायल हिमांशु की ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में उपचार के दौरान रात 11 बजे मौत हो गई। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि युवक की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी संतनगर निवासी अभिजीत गोस्वामी, अवधेश जायसवाल, अमनदेव पांडेय, शनि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिवा, विक्की व अन्य अज्ञात की तलाश की जा रही है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
एक सप्ताह पहले दोस्त की हुई थी पिटाई
बाइक सवार बदमाश काफी दबंग प्रवृत्ति के हैं। युवक पर हमले के पांच दिन पूर्व उसके दोस्त को भी पीटा था। इससे उसे चोटें आई थीं। शरीर के कई हिस्से में सूजन भी हो गई थी। इसके बाद से आरोपी हिमांशु की तलाश कर रहे थे। बृहस्पतिवार को दुकान पर राजू को अकेला देख आरोपियों ने हमला कर दिया।