फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोरवे में नदिया नहाइला आदित मनाइला हो...

विज्ञापन
राबर्ट्सगंज रामसरोवर तालाब पर छठ पुजन करती महिलाएं। - फोटो : SONBHADRA
विज्ञापन
सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ पर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्ति भाव से महिलाओं ने ठंडे पानी में खड़े होकर छठ मइया की आराधना की। सुबह की सर्द हवाएं और 36 घंटे का निराजल व्रत भी उनकी आस्था को डिगा नहीं सका। सतरंगी घोड़े पर सवार भगवान भास्कर के दर्शन और अर्घ्य अर्पण के साथ महिलाओं ने व्रत को पूरा किया। इस दौरान घाटों का नजारा अलौकिक था। रंगबिरंगे झालरों और टिमटिमाते दीपों के नदी में प्रतिविंब से बन रहा दृश्य मन मोह रहा था।
विज्ञापन

नहाय खाय के साथ शुक्रवार से शुरू छठ महापर्व का पहला अर्घ्य महिलाओं ने रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया था। इसके बाद से ही पूजा के दूसरे अर्घ्य की तैयारी शुरू हो गई थी। बड़ी संख्या में महिलाओं ने घाट किनारे ही रात गुजारी। पूरी रात वह छठ मइया की आराधना में लीन रही। उधर, भोर में तीन बजे के बाद फिर से घाट पर छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था।
गाजे-बाजे के साथ झूमते-नाचते श्रद्धालु वहां पहुंचे। कंधे पर प्रसाद सामग्री लेकर परिवार के पुरुष सदस्य आगे चल रहे थे तो उनके पीछे महिलाएं उगह हे सूरज देव भेल भिनसरवा, अरघ के रे बेरवा हो..., केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके-झुकें..., भोरवे में नदिया नहाइला आदित मनाइला हो... सहित अन्य पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा घाट पर पहुंचीं। वेदी पर जलकलश और दीपक रखने के बाद पानी में खड़े होकर वह छठ मइया की आराधना में लीन हो गईं।
विज्ञापन

महिलाएं भगवान भास्कर से उदय होने की प्रार्थना करती रहीं। सुबह करीब छह बजे आसमान में सतरंगी लालिमा छाते ही उनके चेहरे खिल उठे। अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हुआ। नगर के अकड़हवा पोखरा, रामसरोवर तालाब, मेहुड़ी नहर, बढ़ौली पोखरा सहित अन्य छठ घाटों पर हजारों महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया। अकड़हवा पोखरा में छठ पूजा समिति की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कानपुर से आए कलाकारों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की। पूजन के बाद महिलाएं इन पलों को कैमरे में संजोतीं नजर आईं। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहे।
ओबरा : रविवार की रात रेणु नदी सहित अन्य छठ घाटों पर देवी जागरण में गायकों ने छठ मइया की महिमा का वर्णन किया। रात्रि में घाटों पर रुकने वाले श्रद्धालुओं के ठंड से बचाव को लेकर नगर पंचायत सहित तमाम सामाजिक संगठनों की ओर से व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ शंकर प्रसाद के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक ओबरा मिथिलेश मिश्रा सहित भारी फोर्स डटी रही। नपं अध्यक्ष प्रानमति देवी, ईओ अमित कुमार सिंह, संजय बैसवार आदि मौजूद रहे। डाला में छठ पूजा पर राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने अपनी पत्नी चोपन ब्लाक प्रमुख लीला सिंह गोंड के साथ बाड़ी स्थित सोन नदी तट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर क्षेत्र के काली मंदिर, कुरदहवां नाला, डाला चढ़ाई, कोलान बस्ती समेत अन्य स्थानों पर भी छठ पूजा अस्थाई पोखरे बनाए गए। जिले के चोपन, रेणुकूट, अनपरा, बीजपुर, शक्तिनगर, केकराही, करमा, घोरावल, खलियारी, विंढमगंज सहित अन्य स्थानों पर भी भव्य आयोजन हुआ।
दुद्धी/विंढ़मगंज।छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पूरा हुआ। परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना के साथ श्रद्धालुओं ने रविवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और पूरी रात जागरण कर छठ मइया के गीतों से घाटों को गुलजार रखा। सूर्योदय होते ही घाटों पर अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हो गया। स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष गुड्डू जौहरी एवं उनकी युवा टीम की अगुवाई में देवी जागरण का आयोजन हुआ। इसमें श्रोता पूरी रात भक्तिरस में डुबकी लगाते रहे। नगर के प्रमुख छठ घाट शिवाजी तालाब पर जेबीएस अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि एवं सचिव सुरेंद्र कुमार गुप्ता की अगुवाई में पूजा को सकुशल संपन्न कराने की व्यवस्था की गई थी। इसमें नगर पंचायत, रामलीला कमेटी, दुर्गा पूजा समिति आदि ने भी सक्रिय सहयोग दिया। इसके अलावा मां काली सेवा समिति, जय हिंद क्लब, जयश्री फाउंडेशन व अखिल भारतीय अग्रहरि समाज ने कैंप लगाकर खीर एवं प्रसाद वितरण किया। विधायक रामदुलार गोंड, पूर्व विधायक रूबी प्रसाद, ब्लाक प्रमुख रंजना चौधरी ने घाट पर पहुंचकर आरती में शामिल हुईं। कार्यक्रम में रवींद्र जायसवाल, राजू शर्मा, जेबीएस संरक्षक रामलोचन तिवारी, रामलीला कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव व सचिव कमल कानू, चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, ईओ भारत सिंह, पंकज कुमार बुल्लू, पंकज जायसवाल, दीपक शाह आदि माजूद रहे।
बभनी। स्थानीय छठ घाट पर रविवार की रात बभनी युवा समिति के संयोजन में आयोजित देवी जागरण में रात भर श्रोता झूमते रहे। देवी गीत पर श्रोता झूमते रहे। जय मां वैष्णो देवी जागरण टीम के कलाकार रोशन निराला ने गऊरी के ललनवा... गीत गाकर सबको मंत्र मुग्ध कर दिया। कलाकार सुषमा ने जोडे़ जोड़े नारियल और बभनी के घटवा पर अरघदेव, राधा गुप्ता ने कांच ही बांस के बहंगिया गीत पर भक्ति रस में डूबो दिया। इसके अतिरिक्त हनुमान जी की झांकी के साथ अंजनी के लाला रे..., भक्तों का रखवाला मेरा बजरंग वाला गीत प्रस्तुत किया। आर्गन पर सानू सिंह, नाल पर रोहित मिश्रा ने संगत की। इस दौरान युवा समिति के डॉ. हीरालाल गुप्ता, रविशंकर, सुनील कुमार, मिथिलेश कुमार, उपेंद्र कुमार, श्याम, अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
सोनभद्र। छठ पर्व के समापन पर सोमवार की सुबह नगर के विभिन्न घाटों पर सामाजिक संस्थाओं ने शिविर लगाया। लायंस क्लब की ओर से अकड़हवा पोखरा पर लगे स्टाल में भक्तों को घुुघरी, चाय व फल का वितरण किया। इस अवसर पर लायन अध्यक्ष अजीत जायसवाल, पूर्व मंडलाध्यक्ष हरीश अग्रवाल, रीजन चेयरपर्सन किशोरी सिंह, सचिव पवन कुमार जैन आदि रहे। बढ़ौली के शिव सरोवर तालाब पर जायसवाल यूथ क्लब की ओर से शिविर में हलुआ, घुघरी का वितरण किया गया। इसमें राजेश जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, संदीप, रमेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
रेणुकूट। ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट की ओर से छठ पूजा का आयोजन धूमधाम से किया गया। ईकाई प्रमुख एसएन शास्त्री व एचआर प्रमुख राजीव दुबे के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में लिए संस्थान के छठ पार्क में एक टैंक का निर्माण किया गया। इसमें विभिन्न तरह के फौवारे लगाए गए थे। जिसके द्वारा कार्यक्रम में सभी व्रताधारी श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। संस्थान की ओर से पूरी रात छठ पूजन के लिए रुकने वाले सभी व्रताधारी श्रद्धालुओं को बैठने, रोशनी की उचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में तकनीकी प्रमुख आरके पाठक, कर्मचारी संबंध व प्रशासन प्रमुख प्रभात कुमार पांडेय, जीएम पॉवर विवेक गुप्ता, मुख्य सुरक्षा अधिकारी धारा सिंह, ग्रामीण विकास अधिकारी अमर सिंह ने भी अहम योगदान निभाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें